जबलपुर। मध्यप्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग को लेकर संयुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने 24 अक्टूबर को जबलपुर में पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है। आयोजकों के अनुसार मार्च में अलग-अलग जिलों से छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदर्शन के जरिए सरकार और प्रशासन के सामने ओबीसी आरक्षण समेत पिछड़े वर्ग से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि आरक्षण का मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। संगठन का कहना है कि इस मुद्दे पर सरकार को आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाने चाहिए।
सिविक सेंटर से अंबेडकर चौक तक मार्च
मोर्चा के संयोजक रामरतन यादव के अनुसार 24 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे सिविक सेंटर स्थित नगर निगम उद्यान में कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र होंगे। यहां से पैदल मार्च शुरू होगा, जो करमचंद चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेगा।
अंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कई सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों के शामिल होने का दावा
आयोजकों के मुताबिक मार्च में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पसमांदा मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक वर्गों से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मोर्चा का कहना है कि सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न वंचित वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की अपील की है। साथ ही युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों से इसमें शामिल होने का आग्रह किया है।
