जबलपुर। खजरी-खिरिया बाइपास पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने टमाटर से भरी पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक पिकअप क्रमांक एमपी 28 जेडसी 6790 छिंदवाड़ा से टमाटर लेकर कटनी जा रही थी। खजरी-खिरिया बाइपास के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप बीच सड़क पर पलट गई और उसमें लदे कई क्विंटल टमाटर हाईवे पर फैल गए।
सड़क पर फैले टमाटरों से बनी फिसलन
टमाटर सड़क पर फैलने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बड़ी मात्रा में टमाटर बिखरने से सड़क पर फिसलन भी हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोग सड़क पर पड़े टमाटर उठाकर अपने साथ ले जाने लगे। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल पिकअप चालक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहीं क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश कर रही है।

