जबलपुर। संस्कारधानी में पंजाबी हिंदू एसोसिएशन की ओर से 74वां पंजाबी दशहरा महोत्सव सोमवार, 19 अक्टूबर को ग्वारीघाट स्थित शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू होगा। महोत्सव में 75 फीट ऊंचे रावण और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा।
आयोजकों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के पूजन और वंदन के साथ होगी। इसके बाद जगद्गुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज और साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी के आशीर्वचन के साथ महोत्सव की अन्य गतिविधियां शुरू होंगी।
शोभायात्रा में दिखेंगे घुड़सवार और डांडिया
दशहरा महोत्सव के दौरान भगवान श्रीराम की धार्मिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें अश्वारोही दल, पारंपरिक दुलदुल घोड़ी, आकर्षक रोशनी और डांडिया नृत्य लोगों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। आयोजकों के मुताबिक शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा।
आतिशबाजी में दिखेंगे कई खास नजारे
महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के आतिशबाजों द्वारा मैदान और आसमान में विशेष आतिशबाजी प्रस्तुत की जाएगी। इसमें ताजमहल, कैलाश मंडल, झूला, पालखी, मेरी-गो-राउंड, चकरी वाले गेट, कदम झाड़, पनचरखा, महाभारत, सूरज मंडल, चंद्रहार और धुआंधार जैसे आकर्षक आइटम शामिल रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार आतिशबाजी के दौरान ग्वारीघाट का पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठेगा। दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
