akhbaar update

कटंगी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक और राहगीर को कुचला, दो की मौत



जबलपुर। शनिवार शाम कटंगी मार्ग पर सैयद बाबा मजार के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार और पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर संग्रामपुर के पास पकड़ लिया।

बाइक सवार और राहगीर की मौत

जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक एपी 39 यूजे 3324 जबलपुर से दमोह की ओर जा रहा था। शनिवार शाम करीब 5 बजे सैयद बाबा मजार के सामने वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर जा रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में प्रेमनगर कटंगी निवासी 30 वर्षीय नरेंद्र यादव, पिता नत्थू यादव और देभगवां निवासी 25 वर्षीय मनीष, पिता दादू ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र के साथ बाइक पर सवार 30 वर्षीय राहुल यादव, पिता नंदू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर हादसे के कारण कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। अन्य कुछ राहगीरों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

गंभीर घायल को जबलपुर रेफर किया

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजे। गंभीर रूप से घायल राहुल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार देने के बाद हालत नाजुक होने पर जबलपुर रेफर किया गया।

संग्रामपुर के पास पकड़ा गया चालक

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर सूचना प्रसारित की। इसके बाद ट्रक चालक को संग्रामपुर के पास पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp