जबलपुर - साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हनुमानताल थाने में पदस्थ एसआई रोहिणी शुक्ला ठगी का शिकार हो गईं।
जानकारी के अनुसार, उनके मोबाइल पर उनके परिचित धनेश पटेल (निवासी पनागर) के नंबर से व्हाट्सऐप पर शादी का निमंत्रण भेजा गया, जो एक फाइल के रूप में था। जैसे ही उन्होंने उस फाइल को डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया।
इसके बाद मोबाइल में फाइल बार-बार अपने आप खुलने लगी और डिलीट भी नहीं हो रही थी। 4 से 5 अप्रैल के बीच अज्ञात आरोपी ने फर्जी यूपीआई के जरिए उनके बैंक खाते से करीब 4 लाख 98 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए।
घटना की जानकारी लगने के बाद एसआई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें, वरना साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।