जबलपुर - कोतवाली थाना क्षेत्र में ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित चंद्रकांत सोनी (31 वर्ष), निवासी घंसौर, जिला सिवनी हैं।
पीड़ित ने बताया कि नवंबर महीने में ग्वारीघाट क्षेत्र में उसकी मुलाकात दो लोगों से हुई। उन्होंने खुद को तांत्रिक बताकर परिवार की समस्या हल करने का झांसा दिया। बातों में फंसाकर वे उसे एक आयुर्वेदिक दुकान ले गए और कुछ दवाइयां दिलवाईं। इस दौरान उससे 5 लाख 25 हजार रुपए ले लिए।
इसके बाद आरोपियों ने उसे नागपुर भेजा, जहां और दवाइयों के नाम पर उससे 12 लाख 40 हजार रुपए और वसूल लिए। इस तरह कुल 17 लाख 65 हजार रुपए की ठगी की गई।
जब दवाइयों से कोई फायदा नहीं हुआ, तो आरोपियों ने फिर से और पैसे मांगने शुरू कर दिए। तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी और उसके साथी सुभाष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।