akhbaar update

विवाद के दौरान चालक की गर्दन पकड़ी, स्टेयरिंग घुमा दिया; कार नदी में गिरी

 


नरसिंहपुर। ग्राम बमनी में शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विवाद कर रहे एक युवक ने कार चला रहे व्यक्ति की गर्दन पकड़कर स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और ऑल्टो कार पुलिया के पास से सीधे नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक, एक ही परिवार के दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद परिवार के सदस्य गणेश, पवन और अब्बू, संदीप सेन को कार से थाने ले जा रहे थे। कार में संदीप समेत कुल पांच लोग सवार थे।

रास्ते में अचानक बिगड़ी स्थिति

थाने ले जाते समय रास्ते में संदीप ने अचानक कार चला रहे गणेश की गर्दन पकड़ ली और स्टेयरिंग घुमा दिया। अचानक हुई इस हरकत से चालक कार को संभाल नहीं सका। देखते ही देखते कार पुलिया के पास से नदी में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाल लिया। समय रहते बाहर निकाले जाने से सभी की जान बच गई।

हादसे के बाद ऑल्टो कार अभी भी नदी के पानी में डूबी हुई है। घटना की जानकारी सुआतला पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों के साथ हादसे की पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp