akhbaar update

जबलपुर में स्वाइन फ्लू के सभी 24 संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव, फिर भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

 



जबलपुर। प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बीच जबलपुर में अब तक राहत की स्थिति है। जिले से जांच के लिए भेजे गए 24 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बदलते मौसम और अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निजी नर्सिंग होम से रेफर किए गए संदिग्ध मरीजों के थ्रोट स्वाब नमूनों की जांच नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में की गई। सभी 24 रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि अभी स्थिति सामान्य है, लेकिन मौसम में बदलाव को देखते हुए निगरानी में किसी तरह की लापरवाही नहीं की जा रही है। मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. ऋतु गुप्ता के अनुसार इन दिनों मौसमी वायरल का असर ज्यादा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 800 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मिलाकर मौसमी बीमारियों से पीड़ित 300 से ज्यादा मरीज प्रतिदिन उपचार करा रहे हैं।

तेज बुखार और सांस की परेशानी वाले मरीजों पर नजर

मौसमी बीमारी से पीड़ित मरीजों में तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वाइन फ्लू की पुष्टि निर्धारित सरकारी प्रोटोकॉल के अनुसार ही की जाएगी।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी की आशंका में बिना चिकित्सकीय सलाह के महंगे जांच पैकेज न कराएं। संदिग्ध मरीजों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई जाती है।

बुजुर्ग और बच्चों को ज्यादा सावधानी की जरूरत

चिकित्सकों के अनुसार सांस से जुड़ा इंफ्लूएंजा संक्रमण खांसने और छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैल सकता है। तेज बुखार, कंपकंपी, लगातार उल्टी-दस्त, तेज सिरदर्द या सांस लेने में ज्यादा परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा अस्थमा, हृदय रोग और मधुमेह से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बचाव के लिए हाथों को बार-बार साबुन से धोना, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करना और संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखना जरूरी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp