जबलपुर। त्योहारों को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो मावा फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शहपुरा क्षेत्र की एक फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिलने पर उसका खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्राम उमरिया और लम्हेटा स्थित मावा फैक्ट्रियों की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार ग्राम उमरिया में लवकुश चौरसिया की फैक्ट्री में मावा निर्माण के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। फैक्ट्री में काफी गंदगी मिली। निर्माण स्थल पर फर्श और दीवार भी नहीं थी। एक शेड के अंदर मशीन लगाकर मावा तैयार किया जा रहा था।
जांच के दौरान टीम ने फैक्ट्री से मावा के दो नमूने लिए। खाद्य लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज करते हुए फैक्ट्री का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया।
इसी अभियान के तहत टीम ने लम्हेटा गांव में मुकेश सिंह की मावा फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। यहां से भी मावा के दो नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

