akhbaar update

रानीताल से ललपुर तक निगमायुक्त ने सुबह 6:30 बजे किया निरीक्षण, जल रिसाव पर नोटिस के निर्देश

 



जबलपुर। नगर निगम के नवनियुक्त निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने पदभार संभालने के दूसरे दिन गुरुवार सुबह 6:30 बजे शहर का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने रानीताल, सर्वोदय नगर, आगा चौक, गढ़ा फाटक और ललपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा कर सफाई, पेयजल और सीवर व्यवस्था की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित निगम का अमला मौजूद रहा। गढ़ा फाटक क्षेत्र में जल रिसाव की समस्या सामने आने पर निगमायुक्त ने संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था के लिए तीन जोन बनेंगे

निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्र को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटकर काम करने के निर्देश दिए। इसके जरिए अधिक गंदगी वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां सफाई संसाधनों और सफाई मित्रों की तैनाती को प्राथमिकता दी जाएगी।

स्वच्छ भारत मिशन और जल प्रदाय विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई अमले की सुबह की पाली में सड़कों पर अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

सीवर शिकायतों के लिए जीपीएस आधारित एप

ललपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान सीवर व्यवस्था के आधुनिक प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने भूमिगत नालियों से जुड़ी शिकायतों के लिए जीपीएस आधारित मोबाइल एप तैयार करने की बात कही। इसके माध्यम से शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निराकरण तक की निगरानी की जा सकेगी।

इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सभी कर्मियों को शत-प्रतिशत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सफाई मित्रों को शासन द्वारा निर्धारित मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में देने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया, ताकि भुगतान में बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और कर्मचारियों को उनका पारिश्रमिक सीधे मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp