akhbaar update

गढ़ा दशहरा चल समारोह में चाकूबाजी, युवक और बीच-बचाव करने पहुंचे एसआई घायल

 


जबलपुर। गढ़ा दशहरा चल समारोह के दौरान शनिवार सुबह चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। गढ़ा थाने से करीब 50 फीट की दूरी पर सुबह लगभग 5 बजे हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे गढ़ा थाने के सब-इंस्पेक्टर संजय गुर्जर भी घायल हो गए। वारदात के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

युवक पर चाकू से हमला

सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के अनुसार, घटना में शांतिनगर निवासी अनुराग पांडे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं विवाद शांत कराने पहुंचे एसआई संजय गुर्जर के चेहरे पर भी चोट आई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश कोस्टा और उसके एक साथी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आकाश कोस्टा के खिलाफ मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिरासत में लिए आरोपियों से भी भीड़ ने की मारपीट

चाकूबाजी की खबर फैलने के बाद गढ़ा थाने के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस हिरासत में मौजूद दोनों आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने के अंदर पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। घायल युवक और एसआई का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp