akhbaar update

जबलपुर में कथित देह व्यापार का भंडाफोड़, आरक्षक निलंबित, थाना प्रभारी को नोटिस

 


जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र स्थित सुहागी के पन्नी मोहल्ला में कथित देह व्यापार का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अधारताल थाने में पदस्थ आरक्षक सतीश झारिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्रारंभिक जांच में इस अवैध गतिविधि को स्थानीय स्तर पर पुलिस संरक्षण मिलने की आशंका भी जताई गई है।

पंटर बनाकर की गई कार्रवाई

पुलिस को लंबे समय से सुहागी क्षेत्र के एक मकान में कथित देह व्यापार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक युवक को ग्राहक (पंटर) बनाकर भेजा। उसे पहचान के लिए हस्ताक्षर किया हुआ नोट दिया गया था। जैसे ही सौदा तय हुआ और युवक ने तय संकेत दिया, पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया।

सात लोग मिले संदिग्ध हालत में

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान के अंदर दो महिलाओं और पांच पुरुषों को संदिग्ध अवस्था में पाया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए महिला थाना भेजा गया।

इन लोगों को लिया हिरासत में

पुलिस ने मौके से संजय चौरसिया, अभय सिंह उर्फ चिंटू, सुबोध सिंह, मुकेश निखर, आरुष मिश्रा सहित दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। सभी के मोबाइल फोन, संपर्क और बैंक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र तक जुड़े तार

जांच में सामने आया है कि इस कथित नेटवर्क का संबंध केवल जबलपुर तक सीमित नहीं था। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से भी युवतियों को बुलाकर इस अवैध गतिविधि को संचालित किए जाने की आशंका है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

एएसपी ने संभाली जांच

मामले की जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल ने संभाल ली है। उनके निर्देश पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp