कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली गुटखा बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कथित नकली गुटखा, तंबाकू, मसाला, पैकिंग मशीनें और हजारों खाली रैपर जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक निलेश पाहुजा को गिरफ्तार कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार किया गया नकली गुटखा जबलपुर सहित आसपास के जिलों और उत्तर प्रदेश तक सप्लाई किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में नकली गुटखा तैयार कर बाजार में बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर माधवनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम के साथ बंगला लाइन स्थित परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के अंदर बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार करने, मसाला मिलाने और नामी कंपनी के रैपर में पैकिंग का काम चलता मिला।
मशीनें और तैयार माल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कथित नकली लहर ब्रांड के तैयार पाउच, भारी मात्रा में तंबाकू और मसाला, गुटखा पैकिंग एवं सीलिंग की दो मशीनें तथा हजारों खाली रैपर जब्त किए। फैक्ट्री में मौजूद तैयार और अर्ध-तैयार सामग्री को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना देकर फैक्ट्री को सील कर दिया गया।
सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि आरोपी निलेश पाहुजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि नकली गुटखा किन-किन जिलों में भेजा जाता था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।