जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र स्थित तैय्यब अली इलाके के एक स्पा सेंटर में मंगलवार को तेल मालिश कराने पहुंचे 64 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आरबी सिंह (64) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मंगलवार को विधि स्पा सेंटर पहुंचे थे। मालिश के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
परिजनों को दी गई सूचना
स्पा सेंटर में मिले दस्तावेजों के आधार पर कर्मचारियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए।
स्पा संचालक तरुण दीक्षित ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ते ही परिजनों को सूचना देने के साथ ही ओमती थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई थी। वहीं परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि मृतक लंबे समय से बीमार थे और इसी कारण उन्होंने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई।
हालांकि ओमती थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।