जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश और जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के आदेश पर परिवहन विभाग ने गुरुवार को लिटिल चैंप सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 17 ओमनी वैन एलपीजी किट से संचालित पाई गईं, जिनका उपयोग स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन मिलने पर परिवहन विभाग ने सभी 17 वाहनों को जब्त कर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि स्कूली बच्चों के परिवहन में एलपीजी किट लगे निजी वाहनों का उपयोग सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। सभी वाहन मालिकों के खिलाफ मौके पर चालानी कार्रवाई की गई और वाहनों से एलपीजी किट भी हटवा दी गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 16 जुलाई को भी विभाग ने दो ओमनी वैन पर कार्रवाई कर उनमें लगी एलपीजी किट निकलवाई थी।
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि बच्चों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों का कमर्शियल पंजीकरण, वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) होना अनिवार्य है। साथ ही वाहन संचालकों को अभिभावकों के साथ अनुबंध करना भी जरूरी होगा, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।
विभाग ने सभी 17 वाहन मालिकों से भविष्य में नियमों का पालन करने का लिखित स्वघोषणा पत्र भी लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।