एक साल पहले हुई थी करोड़ों की बैंक डकैती
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2025 को खितौला स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच बदमाशों ने डकैती की थी। बदमाश बैंक से 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवर और करीब 5 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इस मामले में पांचवां आरोपी सुनील पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था।
बिहार में छापा मारकर दबोचा
सुनील पासवान की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम बिहार के गया जिले पहुंची। स्थानीय मुखबिरों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और एसटीएफ बिहार की मदद से पुलिस ने आरोपी को तिलैया गांव के एक किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया।
45 लाख रुपये में बेच दिया था सोना
पूछताछ में सुनील पासवान ने बताया कि बैंक डकैती के बाद उसके हिस्से में करीब डेढ़ किलो सोने के जेवर आए थे। इनमें से 750 ग्राम सोना उसने अपने परिचित चंचल पासवान को 45 लाख रुपये में बेच दिया था।
चंचल की निशानदेही पर मिला सोना
पुलिस ने चंचल पासवान को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने बताया कि खरीदा गया सोना उसने सुरक्षा के लिए मनोज सोनी के पास रखवा दिया था। पुलिस ने वहां से 750 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर लिए।
बाकी सोने की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक सुनील पासवान ने पूछताछ में यह भी बताया है कि उसके पास बचा हुआ 750 ग्राम सोना उसने दो अलग-अलग सुनारों को बेच दिया है। अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक डकैती से जुड़े अन्य आरोपियों और लूटे गए बाकी माल की बरामदगी के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
