akhbaar update

बिहार से पकड़ा गया सिहोरा बैंक डकैती का पांचवां आरोपी, 750 ग्राम लूटा गया सोना बरामद

 



जबलपुर। सिहोरा स्थित ईसाफ बैंक में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फरार चल रहे पांचवें मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर डकैती के दौरान लूटे गए 750 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सुनील पासवान को बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के बनाही गांव से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि उसने डकैती के दौरान लूटा गया सोना अपने परिचित चंचल पासवान को बेच दिया था। पुलिस ने चंचल पासवान को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 750 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल थे तथा लूट का अन्य सामान कहां छिपाया गया है।

इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि बैंक डकैती से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp