akhbaar update

किसान के घर लाखों की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर जेवर और 75 हजार नकद ले उड़े चोर

 


जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवर और 75 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। घटना की जानकारी सुबह होने पर लगी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सूखा निवासी किसान घनश्याम यादव अपने छोटे बेटे अजय और बहू के साथ घर में रहते हैं। रात सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए। देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए।

चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने के जेवर और 75 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 6 बजे घनश्याम यादव की नींद खुली। जब वह कमरे में पहुंचे तो अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला और उसमें रखा पूरा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।

चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई।

सूचना मिलने पर चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp