कटनी। अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई की। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बहोरीबंद और कटनी क्रमांक-3 वृत्त की टीमों ने दबिश देकर हाथ भट्टी की शराब, महुआ लाहन और बीयर की बोतलें जब्त कीं। जब्त सामग्री की कीमत 64 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल सात प्रकरण दर्ज किए गए।
रैपुरा गांव में 570 किलो महुआ लाहन मिला
बहोरीबंद वृत्त प्रभारी अतुल कुटार के नेतृत्व में आबकारी टीम ने ग्राम रैपुरा में चिन्हित ठिकानों पर तलाशी ली। यहां से करीब 570 किलोग्राम महुआ लाहन और दो लीटर हाथ भट्टी से बनी शराब बरामद की गई। टीम ने महुआ लाहन का नमूना लेने के बाद बाकी सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी।
इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) और (च) के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
शाहपुर और टेढ़ी में भी कार्रवाई
कटनी क्रमांक-3 वृत्त की टीम ने प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी के नेतृत्व में ग्राम शाहपुर और टेढ़ी में दबिश दी। यहां से 60 किलोग्राम महुआ लाहन और 650 मिलीलीटर की सात बीयर बोतलें जब्त की गईं। बीयर की कुल मात्रा 4.55 बल्क लीटर बताई गई है।
इस टीम ने भी महुआ लाहन का नमूना सुरक्षित रखने के बाद शेष सामग्री नष्ट कर दी। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।


