akhbaar update

जबलपुर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 417 बकायादारों पर शिकंजा; 27 लाख रुपये वसूले

 


जबलपुर। लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शुक्रवार को शहरभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 417 बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन उपभोक्ताओं पर कुल करीब 1.74 करोड़ रुपये की राशि बकाया थी। विभागीय टीमों ने मौके पर ही लगभग 27 लाख रुपये की वसूली की। अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि कुछ स्थानों पर केबल भी जब्त की गई।



अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा के अनुसार, सभी संभागों के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के 20 सबसे बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर वसूली अभियान चलाया गया। प्रेमसागर फीडर क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न इलाकों में बकाया बिल जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की गई।

लाखों रुपये बकाया होने पर काटे गए कनेक्शन

प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में एक उपभोक्ता पर 2 लाख 14 हजार 117 रुपये बकाया मिलने पर बिजली पोल से ही उसकी लाइन काट दी गई। मोहम्मद अमजद मंसूरी पर 3 लाख 36 हजार 535 रुपये और लक्ष्मण समुद्रे पर 1 लाख 46 हजार 231 रुपये का बिल बकाया था। दोनों के खिलाफ भी बिजली आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई की गई।



इसी तरह नारायण राव पर 1 लाख 14 हजार 841 रुपये, मेसर्स देव ग्रेशिया पैरेंट्रल पर 1 लाख 4 हजार 645 रुपये और रामसुख यादव पर 92 हजार रुपये बकाया मिलने पर उनके कनेक्शन काट दिए गए। विभागीय टीम ने अन्य बड़े बकायादारों के परिसरों पर भी पहुंचकर कार्रवाई की।

दूसरे कनेक्शन से बिजली चलाने वालों पर भी कार्रवाई

जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनमें पुराने कनेक्शन काटे जाने के बाद उपभोक्ता दूसरे कनेक्शन के जरिए बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। रितेश कुमार बेन पर 66 हजार 293 रुपये बकाया थे। आरोप है कि वे राजकुमार के दूसरे कनेक्शन से बिजली चला रहे थे। इसी तरह संतोष चौधरी पर 85 हजार 435 रुपये बकाया होने के बावजूद वे गीता के कनेक्शन से बिजली का उपयोग कर रहे थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर इन अवैध व्यवस्थाओं को बंद कराया।

इसके अलावा मोहम्मद जावेद पर 81 हजार 959 रुपये और बजमा बी पर 53 हजार 999 रुपये बकाया होने पर कार्रवाई की गई। एक अन्य उपभोक्ता पर 48 हजार 955 रुपये बकाया मिलने पर बिजली केबल जब्त की गई। वहीं 1 लाख 68 हजार 727 रुपये के बकायादार द्वारा कटे हुए कनेक्शन को दोबारा जोड़ने पर टीम ने केबल काट दी।

विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि बकाया राशि जमा किए बिना कनेक्शन जोड़ना या किसी दूसरे उपभोक्ता के कनेक्शन से बिजली का उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है। बिना अनुमति बिजली लाइन दोबारा जोड़ने पर विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp