जबलपुर। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, सतना में तीन अतिथि शिक्षकों की सेवाएं जारी रखने के मामले में हाई कोर्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई है। अदालत ने पहले दिए गए अंतरिम आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त रुख अपनाते हुए विश्वविद्यालय को निर्देश दिया है कि वह आदेश का पालन सुनिश्चित करे। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को खुद अदालत में उपस्थित होकर जवाब देना पड़ेगा।
न्यायमूर्ति विशाल धगट की एकलपीठ में इस मामले से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता नीरज सिंह, विवेक कुमार सिंह और नीरज कुमार सिंह विश्वविद्यालय में एडहॉक लेक्चरर के पद पर काम कर रहे थे। विश्वविद्यालय द्वारा उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई किए जाने के बाद तीनों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने एक जुलाई 2023 को अंतरिम आदेश जारी किया था। इसमें तीनों शिक्षकों को उनकी सेवाओं में बनाए रखने और काम जारी रखने के निर्देश दिए गए थे। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अदालत के इस निर्देश को लागू नहीं किया। इसके बाद उन्होंने आदेश की अवहेलना को लेकर अवमानना याचिका दाखिल की।
सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि नियुक्ति संबंधी आदेश उपलब्ध नहीं है और शिक्षकों को ज्वाइन भी नहीं कराया गया। इसके साथ ही अदालत के अंतरिम आदेश को निरस्त कराने के लिए आवेदन देने की जानकारी भी दी गई।
इस पर हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसले का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश का पालन करना जरूरी है। विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया गया कि वह अंतरिम आदेश का पालन करे। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो ऑफिसर इन चार्ज (ओआईसी) को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता प्रवीण कुमार वर्मा और ज्योति वर्मा ने पैरवी की। मामले में अब अगली सुनवाई दो दिसंबर को निर्धारित की गई है।
