akhbaar update

जबलपुर में चाकूबाजी और मारपीट की चार घटनाएं, प्रॉपर्टी विवाद में युवक पर हमला; जीप चालक और बुजुर्ग भी घायल

 

जबलपुर। शहर और आसपास के इलाकों में विवाद के बाद मारपीट और हमले की चार घटनाएं सामने आई हैं। कहीं प्रॉपर्टी विवाद में युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया तो कहीं बाइक की टक्कर के बाद बुजुर्ग के बेटे के साथ मारपीट की गई। बरगी क्षेत्र में किराये की जीसीबी मशीन के कांच तोड़कर चालक और उसके साथी पर डंडों से हमला किया गया। वहीं पाटन में मामूली विवाद पर एक युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया गया। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रॉपर्टी विवाद में युवक की पीठ पर चाकू से हमला

लार्डगंज थाना क्षेत्र में 22 नवंबर की शाम प्रॉपर्टी विवाद को लेकर राहुल सोनकर (38) पर हमला कर दिया गया। राहुल शिव-पार्वती मंदिर के पास मोतीमहल निवासी है और प्रॉपर्टी का काम करता है। उसका लक्की सोनकर और विक्की सोनकर से विवाद चल रहा था। शाम करीब 5 बजे वह अपनी पत्नी ज्योति केवट और बेटी नव्या को कपड़े दिलाने गंजिपुरा मार्केट गया था। भीड़ होने के कारण पत्नी और बेटी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान शिव मंदिर के पास लक्की, विक्की, रियान और सम्राट सोनकर मिल गए। आरोप है कि उन्होंने राहुल को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। राहुल वहां से भागने लगा तो रियान और सम्राट ने पीछा कर चाकू से उसकी पीठ पर वार कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बाइक की टक्कर के बाद बुजुर्ग के बेटे से मारपीट

रांझी थाना क्षेत्र में इंद्रा नगर निवासी सत्यनारायण चक्रवर्ती (38) ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने 74 वर्षीय पिता बाबूराम चक्रवर्ती के साथ सब्जी लेकर घर लौट रहा था। दोनों व्हीकल बाजार से आ रहे थे। रास्ते में चक्रवर्ती फोटो स्टूडियो के पास सूरज सोनकर तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए आया और पीछे से उसके पिता को टक्कर मार दी। हादसे में पिता के पैर में चोट आई। सत्यनारायण ने सूरज को वाहन सावधानी से चलाने की बात कही तो वह गाली देने लगा और अपने भाइयों को बुला लिया। इसके बाद सूरज और उसके भाई ने सत्यनारायण के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए।

जीसीबी मशीन रोककर तोड़े शीशे, चालक और साथी को पीटा

बरगी थाना क्षेत्र में 23 नवंबर की रात करीब 2 बजे अमझर स्कूल के पास खमरिया निवासी 34 वर्षीय अनिल यादव ने शिकायत दर्ज कराई। अनिल किराये पर जीसीबी मशीन चलाता है। उसका आरोप है कि 22 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वह मशीन लेकर अमझर से पड़वार जा रहा था। रास्ते में पांच लोगों ने मशीन रोक ली और डंडों से उसके शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर अंकित यादव, मिलन यादव, अमन यादव, कमल यादव और भगवानदास यादव ने गाली-गलौज करते हुए उस पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके साथी रिंकू के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को हाथ-पैर और सीने में चोटें आईं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गाली देने से मना किया तो कुल्हाड़ी से सिर पर वार

पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कांटी में 21 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे विवाद के दौरान कमलेश ठाकुर (40) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। कमलेश ने पुलिस को बताया कि वह ड्राइवरी करता है और काम खत्म कर घर लौट रहा था। गांव के चौराहे पर ऋषि बर्मन और बिहारी चौधरी के बीच विवाद हो रहा था। उसने दोनों को झगड़ा करने से मना किया तो ऋषि बर्मन उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर ऋषि घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और उसके सिर पर कुल्हाड़ी की मुंधानी से वार कर दिया। इसी दौरान ऋषि का भाई मदन बर्मन भी वहां पहुंच गया और कमलेश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। दोनों भाई जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp