akhbaar update

शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर दंपती ने 44 लाख से ज्यादा ठगे, पांच तोला सोना भी हड़पा

 


जबलपुर। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक कमाई का लालच देकर एक दंपती ने कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए। शुरुआत में मुनाफे का हिसाब दिखाकर लोगों का विश्वास जीता और फिर नकदी, ऑनलाइन भुगतान के साथ सोने के जेवर भी अपने कब्जे में ले लिए। जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।

मामले की शिकायत मिलने पर केंट पुलिस ने सदर निवासी रश्मि कौर और उसके पति मनवीर सिंह पाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने दंपती पर कुल 44 लाख 19 हजार 999 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।

नेपियर टाउन निवासी 43 वर्षीय वंदना अग्रवाल बुटीक चलाती हैं। करीब तीन साल पहले कपड़ों के कारोबार के दौरान उनकी पहचान रश्मि कौर से हुई थी। रश्मि उनसे कपड़े खरीदने आती थी। बातचीत के दौरान वंदना ने उसके रहन-सहन और आलीशान मकान को देखकर प्रभावित हुईं। इसी बीच रश्मि ने बताया कि उसका पति शेयर बाजार में पैसा लगाता है और इससे अच्छी कमाई करता है।

इसके बाद मनवीर सिंह पाल ने भी वंदना को निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया। उसने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने की बात कही। दंपती की बातों पर भरोसा करके वंदना ने 2 मई 2024 को दो लाख रुपये नकद दे दिए। शुरुआत में आरोपियों ने उन्हें कमाई का हिसाब दिखाया, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया। बाद में वंदना ने अपने परिवार के दूसरे लोगों को भी निवेश करने के लिए तैयार कर लिया।

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से दंपती को रकम दी जाती रही। 21 जून 2025 को ढाई लाख रुपये के अलावा पांच तोला सोने के कंगन भी सौंपे गए। इस तरह दंपती के पास कुल 44 लाख 19 हजार 999 रुपये पहुंच गए।

कुछ समय बाद जब वंदना ने अपनी जमा रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपी शेयर बाजार में तेजी आने का हवाला देकर भुगतान टालने लगे। लगातार जवाब नहीं मिलने पर निवेशकों की चिंता बढ़ गई। 16 नवंबर को रश्मि ने फोन करके वंदना को अगले दिन हिसाब करने के लिए अपने घर बुलाया।

17 नवंबर को वंदना जब सदर स्थित घर पहुंचीं तो वहां पहले से ही 25 से अधिक लोग मौजूद थे। ये सभी अपने रुपये और सोने के जेवर वापस लेने आए थे। हालांकि, मौके पर मकान पर ताला लगा मिला। इसके बाद दंपती के गायब होने की जानकारी सामने आई। अब केंट पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp