akhbaar update

भाजपा पार्षद के बेटे पर युवक को अगवा करने की कोशिश और पिस्टल से हमला करने का आरोप, केस दर्ज

 


जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांचघर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर कौशल सिंह राजपूत को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके सिर पर पिस्टल की बट से कई वार किए गए। पुलिस ने राजवीर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बीमा अस्पताल के पास रहने वाले 29 वर्षीय कौशल सिंह राजपूत खेती-किसानी करते हैं। 20 नवंबर की रात करीब 11:45 बजे खाना खाने के बाद वह घर के सामने टहल रहे थे। इसी दौरान ग्रे रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार से राजवीर आनंद, उसकी साथी रवीसा साहनी और कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे।

आरोप है कि सभी ने कौशल को घेरकर पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद राजवीर ने कथित तौर पर देसी पिस्टल उसकी गर्दन पर लगा दी और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। खतरा महसूस होने पर कौशल ने खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर कार से फरार हो गए। अगले दिन 21 नवंबर को कौशल शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा, जहां से बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp