जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को जबलपुर में आयोजित सेवा दूत अभियान के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति किसी भी राजनीतिक दल की प्रतिबद्धता उसके कामों से साबित होती है, केवल यात्राएं निकालने से नहीं।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अभिलाष पांडे, इंदु तिवारी और पूर्व मंत्री शरद जैन सहित कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जबलपुर के अलावा सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल संभाग से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें आगामी संगठनात्मक अभियानों की जानकारी दी गई और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अंबेडकर को लेकर कांग्रेस के पुराने फैसलों पर उठाए सवाल
हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने डॉ. अंबेडकर को चुनाव में हराने में भूमिका निभाई और उनके खिलाफ चुनाव जीतने वाले व्यक्ति को पद्मश्री से सम्मानित किया, उसे आज संविधान की रक्षा की बात करने से पहले अपने पुराने फैसलों पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा डॉ. अंबेडकर को संविधान निर्माता और सामाजिक समरसता का प्रमुख प्रतीक मानती है। पार्टी और सरकार ने उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने के साथ उनसे जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और स्मारकों के संरक्षण का काम किया है।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
शिविर में संगठन की मजबूती और आगामी अभियानों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने कार्यकर्ताओं को अभियान की कार्यप्रणाली और जरूरी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचानी चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जनता से सीधे संवाद को संगठन मजबूत करने का अहम माध्यम बताया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर दें। शिविर के समापन पर विभिन्न संभागों से आए प्रतिनिधियों ने तय समय में अभियान के लक्ष्य पूरे करने का भरोसा जताया।
