akhbaar update

सुबह की सैर पर निकले व्यक्ति को चाकू दिखाकर लूटा, दो तोले की सोने की चेन लेकर भागे बदमाश



जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में सुबह टहलने निकले एक व्यक्ति को तीन बदमाशों ने निशाना बनाया। खालसा स्कूल के पास मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया और गले में पहनी सोने की दो चेन छीनकर फरार हो गए। लूटी गई चेन का वजन करीब दो तोला बताया गया है।

पीड़ित महेंद्र कुमार शुक्ला बजरंग नगर के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे रोज की तरह सुबह घर से टहलने निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर खालसा स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आ गए। उनमें से एक आरोपी बाइक चालू रखकर बैठा रहा, जबकि दो युवक नीचे उतरकर उनके पास पहुंचे।

दोनों ने चाकू दिखाकर महेंद्र को डराया और उनके गले में पहनी सोने की दो चेन छीन लीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने तीसरे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर इंद्रानगर की ओर भाग निकले।

कंबल और मंकी कैप से छिपाया चेहरा

पीड़ित के अनुसार, तीनों बदमाशों ने कंबल जैसी चादर ओढ़ रखी थी और चेहरा मंकी कैप से ढका हुआ था। इस वजह से उनके चेहरे साफ नजर नहीं आए और पहचान करना मुश्किल हो गया।

रांझी पुलिस ने महेंद्र कुमार शुक्ला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp