जबलपुर। नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर तेज होने लगा है। शुक्रवार 27 नवंबर की सुबह जबलपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट आई है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात में लोगों को ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है।
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, 26 नवंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। फिलहाल उत्तर-पूर्व दिशा से 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। सुबह के समय इन हवाओं के कारण ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है।
नमी बढ़ने से सुबह छाई धुंध
वातावरण में नमी बढ़ने के कारण सुबह के वक्त कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है। हवा में आर्द्रता का स्तर बढ़कर 86 प्रतिशत हो गया है, जबकि एक दिन पहले यह 71 प्रतिशत था। कम दृश्यता के कारण सुबह सड़कों पर वाहन चलाने वालों को सावधानी बरतनी पड़ रही है।
दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट के साथ ठंड फिर बढ़ जाती है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने लगे हैं। मौसम विज्ञान कार्यालय के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
कटनी के करौंदी में सबसे कम 6.8 डिग्री तापमान
प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी रात का पारा लगातार नीचे जा रहा है। मौसम केंद्र भोपाल के बुलेटिन के अनुसार कटनी जिले के करौंदी में प्रदेश का सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दमोह में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 7.4 डिग्री और भोपाल में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने भोपाल, शाजापुर, कटनी और दमोह में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं मंडला, रीवा और सतना में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। तापमान में आ रही गिरावट के साथ प्रदेश के कई जिलों में ठंड का असर बढ़ने लगा है।
