जबलपुर। आपातकालीन हालात में पुलिस और अन्य विभागों की तैयारी, सतर्कता और प्रतिक्रिया की गति जांचने के लिए गुरुवार 26 नवंबर को सिविक सेंटर स्थित जबलपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में संयुक्त मॉक ड्रिल की गई। इसमें हवाई हमले के बाद विस्फोट और आग लगने जैसी काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में जबलपुर पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), बम निरोधक एवं विस्फोटक विशेषज्ञ टीम (बीडीडीएस), स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ कंट्रोल रूम
मॉक ड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि जबलपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय पर हवाई हमले के कारण विस्फोट हुआ है। इसके बाद परिसर में आग लग गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सायरन बजाकर आसपास के क्षेत्रों को सतर्क किया गया। कंट्रोल रूम ने पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचना भेजी।
सूचना मिलने के बाद सभी टीमें निर्धारित योजना के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग ने करीब 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कई विभागों ने मिलकर किया राहत-बचाव का अभ्यास
अभ्यास के दौरान यह भी परखा गया कि अलग-अलग विभाग आपस में कितनी तेजी से तालमेल बनाकर काम करते हैं। मॉक ड्रिल में किसी बड़ी जनहानि या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की स्थिति नहीं बनी। इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय विभागों की तैयारी और कार्यप्रणाली को जांचना था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज के नेतृत्व में नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शशांक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय लवली सोनी, यातायात डीएसपी संतोष शुक्ला, यातायात थाना प्रभारी दिनेश शर्मा, लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह, बेलबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर और रक्षित निरीक्षक राहुल सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
इसके अलावा प्रशासन, नगर निगम, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ, मेडिकल टीम, रेडक्रॉस, स्वयंसेवी संगठनों, एनएसएस, एनवाईकेएस, एबीवीपी तथा भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

