जबलपुर। रानीताल चौराहे के पास शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के संभागीय कार्यालय के सामने एक युवती ने जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती नशे की हालत में थी और सड़क पर चिल्लाते हुए शोर मचा रही थी। उसके हंगामे के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य महिला पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह उनसे ही बहस करने लगी। इस दौरान युवती अपने मोबाइल से पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद लोगों के वीडियो भी बनाती रही।
काफी देर तक पुलिस और युवती के बीच बातचीत और बहस चलती रही। सार्वजनिक स्थान पर हो रहे हंगामे को देखते हुए पुलिस को उसे संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई।
