akhbaar update

पाटन में बिजली सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी की हत्या, नाइट ड्यूटी के दौरान धारदार हथियार से किया हमला

 



जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार रात एक कर्मचारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। नाइट ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने सब स्टेशन ऑपरेटर पर कई वार किए। गंभीर हालत में उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर सब स्टेशन ऑपरेटर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमलावरों ने गजेंद्र सिंह पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के पहलुओं की जांच

कर्मचारी की मौत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp