akhbaar update

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर 8500 विद्यार्थियों ने लिखे निबंध, विजेताओं को मिला सम्मान



जबलपुर। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जबलपुर के एमएलबी ग्राउंड में बड़ी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मित्र संघ परिवार और नगर निगम के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। प्रतियोगिता में शहर के अलग-अलग स्कूलों से पहुंचे लगभग 8,500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और जबलपुर के विकास तथा देश की प्रगति से जुड़े विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए।



कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शहर की समस्याओं, विकास और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में जबलपुर का विकास, स्वच्छता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल से जुड़े विषय रखे गए थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के निबंधों को एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाए, ताकि बच्चों के विचार व्यापक स्तर तक पहुंच सकें और दूसरे शहरों के विद्यार्थी भी ऐसे आयोजनों के लिए प्रेरित हों।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आयोजन को रानी दुर्गावती की विरासत से जोड़ते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में अपने शहर और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

विजेताओं को नकद पुरस्कार और उपहार

प्रतियोगिता के दोनों समूहों के विजेता विद्यार्थियों को मित्र संघ और महापौर की ओर से नकद पुरस्कार और उपहार दिए गए। दोनों समूहों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 26-26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसमें मित्र संघ की ओर से 11 हजार और महापौर की ओर से 15 हजार रुपये शामिल रहे। इसके अलावा महापौर की ओर से सभी प्रतिभागियों को कार्डबोर्ड भी दिए गए।

ग्रुप ए में प्रथम स्थान आदित्य मिश्रा ने हासिल किया, जो जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विजय नगर से हैं। भावना पटेल ने दूसरा और जयवर्धन खुरासिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ग्रुप बी में रिया सिंह प्रथम, अंजलि जैन द्वितीय और चंचल जैन तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रश्नोत्तर में दो विद्यार्थियों ने जीती साइकिल

प्रतियोगिता के दोनों समूहों के शीर्ष 10 विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने पर क्राइस्ट चर्च को-एड की राबिया फातिमा और आरके इंडियन पब्लिक स्कूल के तनिष्क राय ने साइकिल पुरस्कार जीता।

हजारों विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा केवल निगम के वाहन में डालने और सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने का संकल्प लिया।

इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन से दूरी बनाकर कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने की शपथ भी ली गई।

कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ पत्रकार एसबी शेकट्कर और पत्रकार परितोष वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp