जबलपुर। डुमना स्थित पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान अभिकल्पन एवं विनिर्माण (ट्रिपलआईटीडीएम) के छात्रावास में सोमवार को एक छात्रा मृत अवस्था में मिली। घटना दोपहर के समय सामने आई, जिसके बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान तेलंगाना निवासी वैष्णवी के रूप में हुई है। वह संस्थान में अध्ययनरत थी और परिसर के छात्रावास में रहती थी। छात्रावास के कमरे में छात्रा के मिलने की सूचना संस्थान प्रबंधन ने पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे में पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को नीचे उतारने के बाद पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की गई।
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संस्थान प्रबंधन की ओर से भी जांच में पुलिस को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
