akhbaar update

पुलिस को देख छत पर चढ़ा 5 हजार का इनामी बदमाश, तीन घंटे बाद गिरफ्त में आया

 



जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी बचने के लिए अपने तीन मंजिला मकान की छत पर जा चढ़ा। उसने पुलिस को नीचे कूदने की धमकी दी और पत्थर उठाकर हमला करने की कोशिश भी की। करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे अपने घर पहुंचा है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम उसके घर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही राहुल घर के भीतर भागा और कुछ ही देर बाद तीन मंजिला मकान की छत पर पहुंच गया।

छत पर पहुंचने के बाद आरोपी ने पुलिस को धमकाते हुए नीचे कूदने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर नीचे आने के लिए कहा, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान उसने पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सावधानी से कार्रवाई की और लगातार समझाइश के बाद करीब तीन घंटे में उसे काबू कर लिया।

कई मामलों में आरोपी, क्राइम स्क्वॉड पर हमले का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक राहुल दुबे के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे क्षेत्र का आदतन अपराधी बताया गया है। करीब एक साल पहले उस पर क्राइम स्क्वॉड की टीम के साथ भी हमला करने का आरोप लगा था।

हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामलों में फरार रहने के कारण पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस को उसके घर आने की जानकारी मिली और टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उसके घर के पास लेकर गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp