जबलपुर। जुआ खेलने वालों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पनागर और सिहोरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने जुआ खेल रहे 12 लोगों को पकड़ा और मौके से 25 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और एसडीओपी सिहोरा मेहंती मरावी के मार्गदर्शन में पनागर और सिहोरा पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस टीमों ने जुए के ठिकानों पर पहुंचकर वहां जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान उनके पास से करीब 25 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जुआ और सट्टे से जुड़े लोगों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
