akhbaar update

होटल में पत्नी को दूसरे पुरुष के साथ देख भड़का पति, जमकर हुआ विवाद; पुलिस तीनों को थाने ले गई

 




जबलपुर। राइट टाउन के दद्दा परिसर के पास स्थित होटल टिमटिम में रविवार दोपहर पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि महिला एक पुरुष के साथ होटल पहुंची थी। कुछ देर बाद उसका पति भी वहां पहुंच गया। दोनों को होटल में साथ देखकर पति ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

होटल के बाहर भी मचा हंगामा

विवाद की जानकारी मिलते ही होटल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में हंगामा सड़क तक पहुंच गया। आसपास के लोगों ने होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। लोगों ने रहवासी इलाके में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

हंगामे के दौरान होटल भवन के मालिक अमरेश पांडे को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। पांडे ने भवन किराए पर दिए जाने की बात कही। मौके पर पहुंची मदनमहल पुलिस ने लोगों को शांत कराया।

चार साल से चल रहा पति-पत्नी के बीच विवाद

बताया गया कि रईस अहमद और उसकी पत्नी के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा है। रविवार को दोपहर करीब एक बजे पत्नी एक पुरुष के साथ होटल पहुंची थी। इसी दौरान पति भी होटल पहुंच गया। पति ने आरोप लगाया कि उसे पहले से पत्नी के किसी पुरुष से फोन पर बातचीत करने का संदेह था। होटल में दोनों को साथ देखने के बाद विवाद बढ़ गया।

पति ने पत्नी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए। इसी दौरान उसने सार्वजनिक रूप से पत्नी को तलाक देने की बात भी कही।

मारपीट में फटे कपड़े

होटल की पहली मंजिल पर पति और महिला के साथ आए व्यक्ति के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के कपड़े तक फट गए। महिला के साथ आई कुछ महिलाओं के बीच भी सड़क पर झूमाझटकी होने की बात सामने आई है।

वहीं, महिला के साथ मौजूद व्यक्ति ने खुद को अधिवक्ता बताया। उसका कहना था कि महिला उसकी मुवक्किल है और होटल में उससे कानूनी मामले को लेकर बातचीत करने के लिए मुलाकात हुई थी। दूसरी ओर पति ने उस व्यक्ति पर पत्नी को बहकाने का आरोप लगाया।

पुलिस तीनों को थाने ले गई

हंगामे की सूचना मिलने पर मदनमहल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला, उसके पति और उसके साथ मौजूद व्यक्ति को थाने ले जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस की कार्रवाई के बाद होटल के बाहर चल रहा विवाद शांत हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp