akhbaar update

जयमाला के बाद दूल्हे ने रखी एसी की मांग, विवाद में दूल्हा-दुल्हन के बीच हुई हाथापाई; बिना शादी लौट गई बारात

 

जबलपुर। शादी की खुशियां उस समय विवाद में बदल गईं, जब सिविल लाइन स्थित बंधन बारात घर में दहेज की कथित मांगों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने शादी की रात पहले अंगूठी, फिर सोने की चेन और बाद में एसी देने की मांग रख दी। आखिरी मांग को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हा-दुल्हन के बीच भी हाथापाई हो गई। आखिरकार शादी की रस्में अधूरी रह गईं और बारात बिना विवाह किए वापस लौट गई। दुल्हन के परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है।

तीन घंटे में रखीं अलग-अलग मांगें

दुल्हन के पिता, जो गोराबाजार क्षेत्र के निवासी हैं, के मुताबिक उनकी बेटी का रिश्ता घमापुर निवासी युवक से तय हुआ था। 24 नवंबर की रात बारात बंधन बारात घर पहुंची थी। परिवार का आरोप है कि रात करीब 1 बजे वर पक्ष की ओर से अंगूठी की मांग की गई। इसके बाद करीब 2 बजे जयमाला से पहले सोने की चेन मांगी गई। लड़की पक्ष का कहना है कि उन्होंने लगभग पांच किलोमीटर दूर से चेन मंगवाकर दे दी।

एसी की मांग पर बढ़ा विवाद

परिवार के अनुसार, जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद रात करीब 3 बजे भोजन के दौरान दूल्हे पक्ष ने एसी देने की मांग रख दी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने तक उन्होंने खाना खाने से भी इनकार कर दिया। दुल्हन ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इस मांग का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

दुल्हन के परिवार का आरोप है कि कहासुनी के दौरान वर पक्ष के कुछ लोगों ने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इससे नाराज दुल्हन ने भी दूल्हे के साथ हाथापाई कर दी। देखते ही देखते शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाह की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

एसपी कार्यालय में दी शिकायत

दुल्हन के जीजा के मुताबिक, अंगूठी और सोने की चेन देने को लेकर पहले कोई सहमति नहीं बनी थी। वहीं, दुल्हन के पिता ने बताया कि दूल्हे के माता-पिता समारोह में मौजूद नहीं थे। बारात में दूल्हे के चाचा, बुआ, बहनें और अन्य रिश्तेदार शामिल हुए थे।

घटना के बाद लड़की पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। दुल्हन के पिता का कहना है कि अब वे अपनी बेटी का विवाह उस परिवार में नहीं करना चाहते। फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp