akhbaar update

उज्जैन के हनुमान मंदिर को लेकर जबलपुर में प्रदर्शन, यथास्थिति बनाए रखने की मांग

 



जबलपुर। उज्जैन के प्राचीन हनुमान मंदिर को हटाने या दूसरी जगह विस्थापित किए जाने की आशंका के विरोध में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल महाकौशल प्रांत के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर की मौजूदा स्थिति बनाए रखने की मांग को लेकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

प्रांत मंत्री अर्पित सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने मंदिर को हटाने की किसी भी कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि मंदिर से जुड़ा मामला धार्मिक आस्था से संबंधित है और इसे हटाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अर्पित ठाकुर ने कहा कि संगठन पहले से ही मंदिर को हटाने के कथित प्रयासों का विरोध कर रहा है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मंदिर की यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।

ज्ञापन शासन को भेजा जाएगा

प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अपर कलेक्टर स्मृति खंडेलवाल ने बताया कि संगठन की ओर से रखी गई मांगों का अध्ययन किया जाएगा और इसके बाद ज्ञापन शासन को भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp