akhbaar update

हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के जनरल कोच में युवक की मौत, दमोह स्टेशन पर उतारा गया

 



जबलपुर/दमोह।   जबलपुर से दिल्ली जा रही हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के जनरल कोच में मंगलवार शाम उस समय यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया, जब एक युवक ऊपरी बर्थ पर बेहोशी की हालत में मिला। सूचना पर जीआरपी ने युवक को दमोह स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पवई, पन्ना निवासी 22 वर्षीय सुखविंदर पिता कमलेश चौधरी के रूप में हुई है।

बताया गया कि ट्रेन शाम करीब 7 बजे दमोह पहुंचने वाली थी। इसी दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे आईटीबीपी जवान अनिल सिंह की नजर ऊपर की बर्थ पर लेटे सुखविंदर पर पड़ी। उसकी गर्दन एक तरफ लटकी हुई थी। पहले अनिल ने आसपास मौजूद यात्रियों को बुलाया। इसके बाद सुखविंदर को बर्थ से नीचे उतारकर उसे जगाने की कोशिश की गई, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी।

मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कटनी के बाद ट्रेन में आया था युवक

आईटीबीपी जवान अनिल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह जबलपुर से दिल्ली अपने घर छुट्टी पर जा रहे थे। उनके मुताबिक, ट्रेन के कटनी से आगे निकलने के बाद एक युवक जनरल कोच में आया और ऊपर वाली बर्थ पर जाकर लेट गया था।

दमोह के पास युवक के मोबाइल पर लगातार फोन आ रहे थे। फोन की आवाज सुनकर अनिल ने ऊपर की ओर देखा तो युवक की गर्दन लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने यात्रियों की मदद से उसे नीचे उतारा और जीआरपी को सूचना दी।

परिजनों ने वीडियो कॉल पर की पहचान

पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से युवक का चेहरा उसके परिजनों को दिखाया। परिजनों ने उसकी पहचान सुखविंदर के रूप में की। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह घर से दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp