जबलपुर। गौर चौकी क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में सोमवार दोपहर से लापता चार वर्षीय बच्चे ध्रुव गौड़ का शव मंगलवार सुबह गांव के तालाब में मिला। बच्चे के मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सालीवाड़ा निवासी रवि गौड़ का चार वर्षीय बेटा ध्रुव सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। पिता के मजदूरी से घर लौटने के बाद जब ध्रुव घर पर नहीं मिला तो परिजनों ने आसपास के इलाकों और मोहल्ले में खोजबीन की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।
परिजनों ने घटना की सूचना गौर चौकी पुलिस को दी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह तालाब में मिला शव
मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव के लोगों की नजर तालाब में उतराते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही गौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पहचान होने पर शव ध्रुव गौड़ का निकला।
गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
