akhbaar update

तिलहरी में अंडे की दुकान पर विवाद के बाद युवक नाले में गिरा, डूबने से मौत

 



जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी में डी-मार्ट के पास शनिवार देर रात अंडे की दुकान पर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद तीन-चार युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दो युवकों के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान बचने के लिए भाग रहा अर्जुन अंधेरे में खंदारी नाले में जा गिरा। नाले में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया और उसकी मौत हो गई।

पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक गोराबाजार निवासी अर्जुन अपने साथी रूपेंद्र के साथ तिलहरी स्थित डी-मार्ट के पास अंडे की दुकान पर गया था। दुकान सिकंदर की बताई जा रही है। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर अर्जुन और सिकंदर के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर सिकंदर के तीन साथी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने अर्जुन और रूपेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

भागते समय अंधेरे में नाले में गिरा

मारपीट से बचने के लिए अर्जुन सड़क की दूसरी ओर भागने लगा। रात का अंधेरा होने के कारण उसे आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया और वह खंदारी नाले में गिर गया। नाले में उस समय पानी अधिक था, जिससे वह डूब गया।

अर्जुन का साथी रूपेंद्र किसी तरह गोराबाजार थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

दो से तीन घंटे चला रेस्क्यू

सूचना मिलते ही सीएसपी उदयभान बागरी सहित गोराबाजार और कैंट थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने नाले में अर्जुन की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद अर्जुन को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

सिकंदर समेत तीन हिरासत में

सीएसपी उदयभान बागरी के अनुसार, मारपीट में शामिल सिकंदर समेत तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कुछ अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद से लेकर युवक के नाले में गिरने तक की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp