akhbaar update

भंडारे में चाकूबाजी के घायल पारस यादव की मौत, छह आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। रांझी के आजाद नगर में भंडारे के दौरान हुए विवाद और चाकूबाजी में घायल पारस यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और लाठी भी बरामद करने की बात कही है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात आजाद नगर गोकलपुर में दुर्गा मंदिर के पीछे भंडारा चल रहा था। इसी दौरान वाहन धीरे चलाने की बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद समीर वंशकर अपने साथियों रोहित, यश और छोटू के साथ वहां पहुंचा और कार्यक्रम के लिए पांच हजार रुपए की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला करने के साथ चाकू और ईंटों से भी हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे कई लोगों को चोटें आईं। इस दौरान पारस यादव भी घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान सोमवार रात पारस की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में समीर वंशकर, रोहित, यश, छोटू समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp