akhbaar update

अधारताल में चोरी के मामलों का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार; 7 लाख के जेवर बरामद

 


जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के रहवासी इलाकों में हुई चोरी की वारदातों की जांच कर रही पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। जब्त सामान में सोने के आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर और अन्य सामान शामिल है।



अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटाना शुरू किया था। जांच के दौरान पुलिस को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद ठक्कर ग्राम निवासी संदीप दीप घसिया से पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संदीप ने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई और अपने साथी अनूप कुमार उर्फ चिंटू के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसके बताए स्थान पर दबिश देकर चिंटू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि अनूप कुमार मूल रूप से भिलाई का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के घरों की तलाशी के दौरान चोरी के जेवर और अन्य सामान बरामद किया गया।

सोने-चांदी के जेवर सहित कई सामान जब्त

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में सोने की दो अंगूठियां, एक नाक की नथ और एक बेंदी शामिल है। इन सोने के सामान का कुल वजन करीब 25 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा करीब 1500 ग्राम वजन की चांदी की करधन, छह चूड़ियां, छह जोड़ी पायल, आठ सिक्के, एक लॉकेट, तीन छत्र, एक मूर्ति, एक बेड़ी, नौ नग बिछिया और पांच नग बेलपत्र भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने क्षेत्र में कितनी वारदातों को अंजाम दिया और बरामद जेवर किन घटनाओं से जुड़े हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp