जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। घायल भाई-बहन को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोहलपुर निवासी आयुब खान को उसकी पत्नी निहकत बानो ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आयुब कृषि नगर के सामने पहुंचा। निहकत ने बताया कि वह अपने भाई फरीद खान के साथ बाइक से करोंदा जा रही थी। दोनों शाम करीब 6 बजे कृषि नगर के सामने पहुंचे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे ऑटो क्रमांक एमपी 20 एक्सए 9028 के चालक ने तेज गति से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद निहकत और फरीद बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हादसे में दोनों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आईं।
घटना के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। परिजनों ने दोनों घायलों को प्राइम हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
अधारताल पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ऑटो नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी घटना की जानकारी जुटा रही है।
