जबलपुर। रानीताल फ्लाईओवर के पास मंगलवार रात दो भाइयों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने वहां से बचकर निकलने की कोशिश की तो आरोपियों ने पिस्टल से फायर कर दिया। इसके बाद उनके पास रखे कुल 6 हजार रुपए लेकर आरोपी मौके से भाग निकले। हमले में घायल दोनों भाइयों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां छोटे भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अन्ना मोहल्ला निवासी मोहम्मद अथर अंसारी मंगलवार रात अपने छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन के साथ मंडी में चाय पीने गया था। रात करीब 11:30 बजे दोनों एक्सिस से घर लौट रहे थे। रानीताल फ्लाईओवर के पास दो बाइकों से आए पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सत्या सिंह राजपूत ने अथर पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों भाई वहां से निकलने की कोशिश करने लगे, तभी सत्यम साहू पर पिस्टल से फायर करने का आरोप है। गोली चलने के बाद अली हुसैन जमीन पर गिर गया।
अथर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके पास रखे 4 हजार और उसके भाई के पास रखे 2 हजार रुपए भी ले लिए। राहगीरों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। अथर के पैर में चाकू लगा है, जबकि अली हुसैन की हालत गंभीर बताई गई है।
घायल की शिकायत के आधार पर लार्डगंज पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले में शामिल कुछ युवक पहले भी लूट और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
