जबलपुर। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पहले दिए गए निर्देशों के तहत हुई कार्रवाई की जानकारी ली गई और लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों की थानावार समीक्षा की गई। अधिकारियों से लंबित मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी, जांच पूरी करने और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन, वरिष्ठ कार्यालयों और जनसुनवाई से मिली शिकायतों की भी समीक्षा हुई। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए जांच जल्द पूरी करने और चालान पेश करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सीसीटीएनएस के तहत ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-एफआईआर, ई-चालान और ई-समंस की स्थिति देखी गई। अधिकारियों से डिजिटल प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों की जानकारी लेकर उनके समाधान के निर्देश दिए गए। ई-जीरो एफआईआर के मामलों को भी जल्द जांच कर पोर्टल से लंबित प्रकरण हटाने को कहा गया। 60 और 90 दिन से लंबित चालान की मॉनिटरिंग पर भी चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में कार्बाइड गन की बिक्री, वितरण और प्रदर्शन पर लागू प्रतिबंध का पालन कराने के निर्देश दिए। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।
साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए। बैठक में थानावार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

