जबलपुर। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मझौली और रांझी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में शराब जब्त की है। मझौली में एक मकान के आंगन में रेत की बोरियों के बीच शराब छिपाकर रखी गई थी, जबकि रांझी में पुलिस को देखकर भाग रहे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
मकान में नहीं मिला आरोपी, तलाशी में खुला राज
मझौली थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के अनुसार शुक्रवार को पुलिस को पोला रोड स्थित एक मकान में शराब रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मिंटू साहू के घर के आंगन में दबिश दी। कार्रवाई के समय मिंटू साहू घर पर नहीं मिला।
पुलिस ने जब परिसर की तलाशी ली तो रेत से भरी बोरियों के बीच दो अन्य बोरियां मिलीं। इन्हें खोलने पर उनमें देशी शराब के पाव रखे मिले। दोनों बोरियों से कुल 346 पाव शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत करीब 27 हजार 88 रुपये है।
रांझी में पुलिस को देखकर भागा युवक
दूसरी कार्रवाई रांझी थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से पुरानी शराब दुकान के पास एक व्यक्ति के अवैध शराब के साथ खड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम वहां पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रामगोपाल प्रसाद उर्फ बल्ली पटेल, निवासी नई बस्ती के रूप में हुई।
तीन पेटियों से 150 पाव बरामद
पुलिस ने रामगोपाल प्रसाद के कब्जे से तीन पेटियां बरामद कीं। इनमें कुल 150 पाव देशी शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 14 हजार 600 रुपये बताई गई है। शराब जब्त करने के बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।