जबलपुर। एयरपोर्ट डुमना रोड पर शनिवार शाम चंडी टोला के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार चला रहे युवक को मामूली चोटें आईं। टक्कर के दौरान एयरबैग खुल जाने से चालक को गंभीर चोट नहीं लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अचानक लहराने लगी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार शाम करीब 4 बजे कार क्रमांक जीजे-38-बीबी-3178 डुमना एयरपोर्ट की तरफ से आ रही थी। चंडी टोला के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर लहराने लगी। चालक संभाल पाता, इससे पहले ही कार पलट गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने में मदद की। कार का अगला हिस्सा सहित अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
सड़क पर कोई दूसरा वाहन नहीं था
बताया गया कि जिस समय कार पलटी, उस दौरान सड़क पर कोई दूसरा वाहन या राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। कार में एयरबैग खुलने के कारण चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं।
जानकारी के अनुसार कार विजय नगर निवासी युवक चला रहा था। वह अपने जीजा की कार लेकर डुमना की ओर गया था। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को देखने के लिए काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने डुमना रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर भी चिंता जताई है।