इंदौर-उज्जैन बायपास पर चलती लग्जरी बस में अचानक आग । मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की यह बस इंदौर से उज्जैन की ओर जा रही थी। इंदौर और सांवेर के बीच बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि बस का टायर फटने के बाद आग भड़क उठी और कुछ ही देर में तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस लपटों से घिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बस से दूर जाकर खुद को सुरक्षित किया। आग की वजह से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। राहत की बात यह है कि फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने की वजह का पता लगा रही पुलिस
डीएसपी सोनू डाबर के अनुसार, पुलिस को बस में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
हाल ही में शुरू हुई है परिवहन बस सेवा
जिस बस में आग लगी, वह मुख्यमंत्री परिवहन बस सेवा से जुड़ी बताई जा रही है। इस योजना की शुरुआत 25 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की थी। भोपाल में कार्यक्रम के दौरान 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। योजना के तहत वर्ष 2031 तक बसों की संख्या बढ़ाकर 15 हजार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके संचालन के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल अपनाया गया है।
