जबलपुर। ग्लोबल कॉलेज में टीसीए आईओएन लैब की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों के स्कूटर की डिक्की से मोबाइल और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छह मोबाइल, नकदी और अन्य सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक और मास्टर चाबियां भी बरामद की हैं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार परीक्षार्थियों के वाहनों से चोरी की शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर लमती निवासी प्रतीक सोनी उर्फ गोलू को चिन्हित किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
मास्टर चाबी से खोली कई गाड़ियां
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पल्सर बाइक से ग्लोबल कॉलेज के पास पहुंचा था। वहां खड़े करीब 8 से 10 स्कूटर और अन्य दोपहिया वाहनों के लॉक मास्टर चाबियों से खोलने का प्रयास किया। इनमें से करीब 5 से 6 वाहनों के लॉक खुल गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इन वाहनों से छह मोबाइल, सोने जैसी धातु का एक लॉकेट, कुछ एटीएम कार्ड और 7 हजार 500 रुपये नकद चोरी किए थे।
एटीएम कार्ड से भी निकाले 10 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर आरोपी ने एटीएम से करीब 10 हजार रुपये और निकाल लिए। इस तरह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मोबाइल, नकदी और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छह मोबाइल, सोने जैसी धातु का लॉकेट, 17 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 20 एमएच 9483 और मास्टर चाबियां जब्त की हैं।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार प्रतीक सोनी उर्फ गोलू के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में पहले से हत्या के प्रयास, लूट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।