akhbaar update

चोरी की एक्सिस से झपटमारी करने वाला युवक पकड़ा गया, नाबालिग साथी भी हिरासत में

 




जबलपुर। शहर में स्कूटी से घूमकर झपटमारी की वारदात करने वाले एक युवक और उसके 16 वर्षीय साथी को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के अनुसार दोनों ने पहले मदनमहल क्षेत्र से एक एक्सिस चोरी की और उसी वाहन का इस्तेमाल कर सिविल लाइन तथा कैंट क्षेत्र में झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, सोने का लॉकेट, करीब 22 हजार 650 रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड और चोरी की एक्सिस बरामद की गई है।



सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की तलाश और चोरी व झपटमारी के मामलों में सामान बरामद करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाई गई।

टीम ने अलग-अलग घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए पुलिस ने तौसीफ खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

चोरी की एक्सिस से वारदात करने की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तौसीफ ने अपने 16 वर्षीय साथी के साथ मिलकर मदनमहल क्षेत्र से एक्सिस चोरी करने और इसके बाद इसी वाहन से झपटमारी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया। दोनों की निशानदेही पर झपटमारी में ले जाए गए सामान और चोरी की एक्सिस बरामद की गई।

मदनमहल से चोरी की थी एक्सिस

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को हनी पटेल अपनी नई एक्सिस लेकर स्मार्ट नाला घूमने पहुंचे थे। एमएम कॉलेज के सामने सड़क किनारे वाहन खड़ा कर अंदर चले गए। करीब आधे घंटे बाद लौटे तो एक्सिस गायब थी। शिकायत पर मदनमहल थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इसी मामले में चोरी की एक्सिस बरामद की है।

कैंट में दो लोगों से पर्स छीने

कैंट थाना क्षेत्र में 27 सितंबर की रात सौविक बनर्जी अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से सदर बाजार की ओर जा रहे थे। गुरुगोविंद खालसा स्कूल के सामने पीछे से आए दो युवकों ने उनकी पत्नी के पास रखा पर्स झपट लिया और भाग गए। पर्स में नकदी, मोबाइल, क्रेडिट कार्ड और अन्य दस्तावेज रखे थे।

इसके बाद 28 सितंबर की रात नितिन जैन अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। पासी चौक के पास दो युवक स्कूटी से पीछे से आए और उनकी पत्नी के कंधे पर टंगा पर्स झपटकर भाग गए। इस दौरान महिला और बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पर्स में नकदी और अन्य सामान था।

सिविल लाइन में डॉक्टर का पर्स छीना

27 सितंबर की शाम इंद्रा मार्केट से घर लौट रही डॉक्टर चांदनी ठाकुर के साथ भी झपटमारी हुई थी। पुलिस के अनुसार बीमा अस्पताल के पास नीले रंग की एक्सिस से आए दो युवकों में पीछे बैठे युवक ने उनका कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया। पर्स में मोबाइल, 6 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, एटीएम और क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सामान था।

दोनों के खिलाफ कई मामलों में कार्रवाई

पुलिस ने तौसीफ खान और 16 वर्षीय विधि विवादित बालक को मदनमहल, कैंट और सिविल लाइन थानों में दर्ज संबंधित मामलों में पकड़ा है। इसके अलावा नाबालिग के खिलाफ बेलबाग थाने में दर्ज अवैध वसूली के मामले में भी गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस के अनुसार तौसीफ के खिलाफ पहले भी बेलबाग और अधारताल थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वह नागपुर में गांजा संबंधी मामले में जेल में था और करीब डेढ़ से दो महीने पहले ही वहां से छूटकर जबलपुर आया था।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp